नवरात्रि में हर दिन अलग रंग के कपड़ों को पहनना माना जाता है शुभ!

नवरात्रि में हर दिन अलग रंग के कपड़ों को पहनना माना जाता है शुभ!


हिन्दू धर्म संस्कृति में अनेकों तरह के पर्व मनाए जाते हैं, जिसमें नवरात्रि का एक अलग ही महत्व है। नवरात्रि का अर्थ होता है नौं रातें, जिसमें नव का अर्थ है नौ और रात्रि का अर्थ है रातें। हिंदू मान्यता के अनुसार इन नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। इस वर्ष नवरात्र 21 सितंबर गुरूवार से शुरु होकर 29 सितंबर शुक्रवार तक चलेंगे।

आपको बता दें कि नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की पूजा बड़े ही धूम-धाम से की जाती है। कई जगह मां दुर्गा के पंडाल भी लगाए जाते हैं जहां शाम को पूजा करने के बाद लोग उत्सव मनाते हैं और कई जगहों पर डांडिया भी खेला जाता है। भारत जैसे देश में जब उत्सव की बात आती है तो फैशन एक जरूरी चीज बन जाती है। तो जब आप इस बार के नवरात्रों में कपड़ों की खरीदारी करें तो हर दिन के हिसाब से रंग लेना आपके लिए शुभ रहेगा।

नवरात्र का पहला दिन मां शैलपुत्री का दिन होता है। इस दिन पीला कपड़ा पहनना शुभ माना जाता है। पीला रंग आजकल बहुत ट्रेंड में भी है।

नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। इस दिन हरे रंग का कपड़ा पहनना शुभ माना जाता है। हरा रंग एक शुभ और ट्रेंडी कलर है जो हरियाली का भी प्रतीक है।

नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इस दिन ग्रे रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है। इसे आप गोल्डन या सिल्वर ज्वैलरी के साथ पहन सकती है।

नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है। इस दिन नारंगी कपड़ें पहनना शुभ होता है। मां को नारंगी रंग बेहद ही पसंद है। नवरात्र का चौथा दिन चमकदार रंग के साथ मनाया जाता है।

नवरात्र के पांचवे दिन मां स्कंदमाता की पूजा होती है। इस दिन सफेद रंग पहनना अच्छा होता है। ये रंग शान्ति और शुद्धता का रंग है। ये रंग सिर्फ डांडिया के उत्सव ही नहीं अपने कार्यस्थल पर भी पहनने से आपका दिन शुभ हो सकता है।

नवरात्र के छठे दिन मां कात्यानी की पूजा की जाती है। इस दिन अगर लाल रंग के कपड़े पहना जाए तो वो बहुत ही शुभ होता है। हिंदू धर्म में लाल रंग बहुत शुभ माना जाता है और ये रंग शक्ति का भी प्रतीक होता है।

नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। इस दिन नीले रंग का कपड़ा पहनना शुभ होता है और साथ ही ये रंग आजकल सभी युवाओं के बीच बहुत प्रचलित है।

नवरात्र के आठवें दिन यानि अष्टमी के दिन महागौरी की पूजा की जाती है। इस दिन गुलाबी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है। ये एक बहुत ही शुभ रंग होता है। मां दुर्गा के पसंदीदा रंगों में से एक रंग होता है गुलाबी रंग।

नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन बैंगनी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है। ये रंग शक्ति और विलासता का प्रतीक माना जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form